- स्वास्थ्य संस्थानों के ऑनलाइन पोर्टल पर कराएँ रजिस्ट्रेशन, मिलेगा स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ : सीएस
मुंगेर, 26 अगस्त। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत अब स्वास्थ्य संबंधी सभी सेवाओं का डिजिटलाइजेशन किया जा रहा है। इस योजना के तहत आयुष्मान भारत डिजिटल स्वास्थ्य मिशन के वेबसाइट पर जिला के सभी स्वास्थ्य संस्थानों जैसे सदर अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल, रेफरल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और उप स्वास्थ्य केंद्रों के सभी स्वास्थ्य प्रदाताओं जैसे एएनएम, जीएनएम, स्टाफ नर्स, पारा मेडिकल स्टाफ के साथ- साथ सभी मेडिकल ऑफिसर और स्वास्थ्य कर्मियों को अपना रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य है।
स्वास्थ्य कर्मियों को रजिस्ट्रेशन कराना है अनिवार्य -
सिविल सर्जन डॉ पीएम सहाय ने बताया कि योजना में चयनित सभी स्वास्थ्य कर्मियों को रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि इसको लेकर राज्य स्वास्थ्य समिति के द्वारा भी पत्र जारी कर आवश्यक दिशा- निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि सभी स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत अधिकारी और कर्मियों का रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित कराने के लिए सिविल सर्जन को नोडल पदाधिकारी तथा जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी को वेरिफायर नामित किया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में सभी स्वास्थ्य प्रदाताओं का हेल्थ प्रोफाइल रजिस्ट्री डिजिटल कार्ड जारी किया जाना है। स्वास्थ्य कर्मियों को डिजिटल हेल्थ आईडी की सेवा उपलब्ध होगी और इसके माध्यम से स्वास्थ्य कार्ड डिजिटली संरक्षित होगा।
यूनिक आईडी से बीमारी की पूरी डिटेल देखी जा सकेगी -
जिला स्वास्थ्य समिति मुंगेर के जिला कार्यक्रम प्रबंधक नसीम रजी ने बताया कि जिले के स्वास्थ्य कर्मियों के लिए डिजिटल हेल्थ कार्ड योजना शुरू की गई है। इसमें लाभुक की सारी मेडिकल हिस्ट्री होगी। इससे व्यक्ति का स्वास्थ्य संबंधी डेटा भी डिजिटल हो जाएगा। इससे उपचार कराने के लिए किसी पेपर वर्क, रसीद या किसी दूसरे व्यक्ति पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इसमें सभी महत्वपूर्ण जानकारियां जैसे डॉक्टरी परामर्श, बीमारी की जांच रिपोर्ट इत्यादि मौजूद रहेगी। मरीज सरकारी व निजी अस्पताल में यदि अपना हेल्थ कार्ड दिखाएगा तो उसमें दर्ज 14 अंकों की यूनिक आईडी से बीमारी की पूरी डिटेल देखी जा सकेगी । इसके माध्यम से मरीज देश के किसी भी डॉक्टर से घर बैठे परामर्श भी ले सकता है।
रिपोर्टर
Dr. Rajesh Kumar
The Reporter specializes in covering a news beat, produces daily news for Aaple Rajya News
रिपोर्टर
The Reporter specializes in covering a news beat, produces daily news for Aaple Rajya News
Dr. Rajesh Kumar