जिले के आखिरी व्यक्ति तक कोरोना का टीका पहुंच सके, इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग लगातार अभियान चला रहा है। बीच-बीच में महाअभियान भी चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अब आज से 15 अगस्त तक जिले में रोज महाअभियान चलाया जाएगा। स्कूलों से लेकर अस्पतालों तक में कोरोना टीका देने की व्यवस्था की गई है। ऐसे में लोगों को भी इसमें सहयोग करने की जरूरत है, तभी जिले में शत-प्रतिशत टीकाकरण हो पाएगा। जिनलोगों ने अभी तक एक भी टीका नहीं लिया है, वे लोग तो जितना जल्द हो सके, नजदीकी केंद्रों पर जाकर कोरोना का टीका ले लें। साथ ही 18 साल से अधिक उम्र के जिन लोगों ने एक या दो टीका ले लिया है, वे समय पूरा होने पर दूसरा या तीसरा टीका भी ले लें। जिनकी उम्र 18 साल से कम है और उन्होंने पहला टीका ले लिया है और समय पूरा हो गया है तो दूसरा टीका जल्द ले लें। 18 साल से कम उम्र वाले वैसे लोग जिन्होंने एक भी टीका नहीं लिया है, वे देरी नहीं करें।
एसीएमओ डॉ. अभय प्रकाश चौधरी कहते हैं कि कोरोना टीकाकरण को लेकर लगातार अभियान और महाअभियान चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग एक-एक व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास कर रहा है, इसलिए टीका लेने के लिए लोगों को सामने आना चाहिए। साथ ही जिनलोगों ने कोरोना का तीनों टीका ले लिया है, वे भी दूसरे लोगों को इसके प्रति जागरूक करें। तमाम जागरूकता कार्यक्रम के बाद भी अगर किसी के मन में कोई भ्रम रह गया है तो वह टीका ले चुके व्यक्ति के जरिये आसानी से दूर हो सकता है। इसलिए आज चलने वाले महाअभियान में अधिक-से-अधिक लोग टीका लेने के लिए सामने आएं।
टीकाकरण का फायदा आ चुका है सामनेः एसीएमओ कहते हैं कि कोरोना टीकाकरण का फायदा लोग देख चुके हैं। पहली और दूसरी लहर के दौरान लोगों को टीका नहीं लगा था, इसलिए इन दोनों लहर में बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ था, लेकिन जब तीसरी लहर आई तो काफी संख्या में लोग टीका ले चुके थे। इसका असर यह हुआ कि बड़े पैमाने पर लोग संक्रमित नहीं हुए। यदि हुए भी तो अस्पताल में भर्ती होने की नौबत नहीं आई। इसी तरह से अभी कोरोना की चौथी संभावित लहर को लेकर भी है। जिन लोगों ने टीका ले लिया है, उनके संक्रमित होने का खतरा कम-से-कम है। इसलिए टीकाकरण के लिए लोग सामने आएं।
प्रीकॉशन डोज की अवधि सिर्फ छह माहः एसीएमओ कहते हैं कि कोरोना टीका की तीसरी यानी प्रीकॉशन डोज की अवधि पहले नौ माह थी, लेकिन अब उसे घटाकर छह माह कर दी गई है। यानी कि आपने कोरोना टीके की दो डोज समय पर ले चुके हैं तो तीसरी डोज अब दूसरी डोज लेने की तारीख से छह महीने के बाद ही आप ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा देखा जा रहा है कि काफी लोग दो टीका लेने के बाद निश्चिंत हो गए हैं। उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए। तीसरी डोज लेने के बाद ही आपके टीकाकरण की प्रक्रिया पूरी होगी।
रिपोर्टर
Dr. Rajesh Kumar
The Reporter specializes in covering a news beat, produces daily news for Aaple Rajya News
रिपोर्टर
The Reporter specializes in covering a news beat, produces daily news for Aaple Rajya News
Dr. Rajesh Kumar