Breaking News
Trending
होम आइसोलेशन के मरीजों को इलाज की मिल रही बेहतर सुविधा
स्थिति गंभीर होने पर अस्पताल में भर्ती होने की दी जा रही सलाह
बांका, 3 जून
कोरोना की चेन खत्म करने में स्वास्थ्य विभाग हर स्तर पर लगा हुआ है। जिले में जांच से लेकर टीकाकरण अभियान को लगातार तेज किया जा रहा है। इसमें कामयाबी भी मिल रही है। दूसरी लहर में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार कम होती जा रही है। वहीं दूसरी ओर एक्टिव मरीजों की बेहतर तरीके से देखभाल में हिट एप वरदान साबित हो रहा है। जबसे हिट एप के जरिये कोरोना मरीजों की ट्रैकिंग शुरू हुई है, तब से होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों का और बेहतर तरीके से इलाज हो रहा है और वह जल्द स्वस्थ हो जा रहे हैं।
मालूम हो कि हिट एप के जरिये मरीजों की ट्रैकिंग कर ऑक्सीजन लेवल मापा जाता है। अगर ऑक्सीजन का लेवल 94 से कम रहता है तो उसे भर्ती होने की सलाह दी जाती है। इसके अलावा मरीजों के स्वास्थ्य की स्थिति का आकलन कर उसे हिट एप पर अपलोड किया जाता है। जिस पर जिला प्रशासन से लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय तक की नजर रहती है।
शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. सुनील कुमार चौधरी कहते हैं कि उनके यहां तो पहले से ही कोरोना मरीजों का बेहतर तरीके से इलाज चल रहा है। हां, हिट एप से ट्रैकिंग के बाद यह सुविधा जरूर मिली है कि मरीजों के बारे में लगातार अपडेट मिल जा रहा है। इससे यह फायदा हो रहा है कि अगर जरा सी मरीजों की हालत बिगड़ती है तो उसे तत्काल इलाज की सुविधा मुहैया करा दी जाती है। इससे मरीजों को भी सहूलियत मिली है और स्वास्थ्यकर्मियों को भी।
जिले में अभी 33 एक्टिव केसः जिले में अभी कोरोना के 33 एक्टिव केस हैं। सभी की बेहतर तरीके से देखभाल हो रही है। स्वास्थ्यकर्मी मरीजों के घर-घर जाकर ऑक्सीजन लेवल जांच कर रहे हैं। साथ ही अन्य परेशानी को भी नोट किया जा रहा है। इस दौरान स्वास्थ्यकर्मियों से मरीज अपनी परेशानी भी बता रहे हैं और परेशानी का तत्काल समाधान भी किया जा रहा है। मरीजों को इससे यह फायदा मिल रहा है कि उन्हें किसी भी तरह की तकलीफ होने पर स्वास्थ्य विभाग को न ही फोन करना पड़ रहा है और सामान्य परिस्थिति में न ही इलाज के लिए अस्पताल जाना पड़ा है।
कोरोना की गाइडलाइन का करें पालनः डॉ. चौधरी कहते हैं कि जिले में अभी कोरोना के मामले कम जरूर होने लगे हैं, लेकिन गाइडलाइन का पालन करने की अभी भी जरूरत है। घर से बाहर निकलते वक्त मास्क लगाना नहीं भूलें। भीड़-भाड़ में जाने से बचें। सामाजिक दूरी का पालन करते हुए एक-दूसरे के बीच दो गज की दूरी बनाए रखें। अगर गाइडलाइन का पालन करने में परेशानी हो रही है तो घर से कम निकलें। बहुत जरूरत पड़ने पर ही बाहर जाएं। ऐसा करने से आप भी कोरोना की चपेट में आने से बचेंगे और दूसरे लोग भी संक्रमित नहीं होंगे।

रिपोर्टर
The Reporter specializes in covering a news beat, produces daily news for Aaple Rajya News
Swapnil Mhaske