Breaking News
Trending
-जिले में कालाजार से बचाव को लेकर अभी स्वास्थ्य विभाग का चल रहा अभियान
-अमरपुर के गदाल में छिड़काव पूरा, बौंसी, धोरैया और बाराहाट में भी होगा छिड़काव
बांका, 09 सितंबर
जिले को कालाजार से मुक्त बनाने के लिए लगातार काम हो रहा है। इसी सिलसिले में स्वास्थ्य विभाग अभी कालाजार से प्रभावित प्रखंडों के गांवों में सिंथेटिक पायराथायरायड का छिड़काव करा रहा है। छिड़काव का काम पांच सितंबर से शुरू हुआ जो 22 अक्टूबर तक चलेगा। पांच सितंबर को अमरपुर प्रखंड के गदाल गांव में छिड़काव का काम शुरू किया गया था, जो अब पूरा हो गया । अब शुक्रवार से बांका सदर प्रखंड के शासन गांव में छिड़काव शुरू किया गया है । यहां एक सप्ताह तक छिड़काव का काम किया जाएगा।
शासन गांव में छिड़काव का काम शुरू कराने गए वेक्टर रोग नियंत्रण पदाधिकारी आरिफ इकबाल ने बताया कि अमरपुर के बाद बांका सदर प्रखंड में छिड़काव का काम शुरू किया गया है। हालांकि छिड़कावकर्मियों को इसे लेकर पहले ही ट्रेनिंग दे दी गई है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें फिर से छिड़काव के बारे में बताया गया। घर की दीवारों पर छह फीट तक छिड़काव करना है। छिड़काव से पहले घर के सभी सामान को इकट्ठा करना है। घर के किवाड़ का पिछला हिस्सा या कोई अन्य जगह छूट नहीं जाए, इसका ध्यान रखने के लिए फिर से कहा गया। साथ में गोशाला, बथान इत्यादि जगहों पर भी छिड़काव करना है, इसे छिड़कावकर्मियों को फिर से बताया गया। यहां एक सप्ताह तक छिड़काव का काम किया जाएगा। इसके बाद बाराहाट, बौंसी और धोरैया प्रखंड में भी छिड़काव कराया जाएगा। 22 अक्टूबर तक हमलोग जिले के सभी प्रभावित प्रखंडों के प्रभावित गांवों में छिड़काव का काम करा देंगे। मालूम हो कि वर्ष 2022 के द्वितीय चरण (अगस्त-अक्टूबर) के तहत छिड़काव अभियान चलेगा। हर हाल में अभियान का सफल संचालन सुनिश्चित कराने को लेकर निदेशक प्रमुख (रोग नियंत्रण) स्वास्थ्य सेवाएं, पटना डॉ. राकेश चंद्र सहाय वर्मा ने सभी जिले को पत्र भी लिखा है।
कालाजार के कारण, लक्षण और बचाव की भी दी जा रही जानकारी: जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. बीरेंद्र कुमार यादव ने बताया, छिड़काव के दौरान एक भी घर छूटे नहीं, इस बात का विशेष ख्याल रखा ही जा रहा है। इसके अलावा छिड़काव टीम को भी आवश्यक और जरूरी निर्देश दिए गए हैं। छिड़काव अभियान के दौरान सामुदायिक स्तर पर लोगों को कालाजार से बचाव के लिए आवश्यक जानकारी भी दी जा रही है। इस दौरान कालाजार के कारण, लक्षण, बचाव एवं इसके उपचार की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। छिड़काव के दौरान किन-किन बातों का ख्याल रखना चाहिए, ये भी लोगों को बताया जा रहा है ।

रिपोर्टर
The Reporter specializes in covering a news beat, produces daily news for Aaple Rajya News
Aishwarya Sinha