- जिले के सभी प्रखंडों में सारथी के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम शुरू, सिविल सर्जन ने रथ को हरि झंडी दिखा किया रवाना
- परिवार नियोजन के साधन को अपनाने से होने वाले फायदे की भी दी जाएगी जानकारी
लखीसराय, 06 जुलाई-
जिले में परिवार नियोजन पखवाड़े की सफलता को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से सतर्क है । इसे सफल बनाने के लिए विभिन्न तरह की गतिविधियों का आयोजन कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है । ताकि सरकार की इस योजना की जानकारी एवं इस योजना का लाभ लेने वाले लाभार्थियों के लिए सरकारी स्तर पर की गई व्यवस्था की जानकारी समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक आसानी से पहुँच सके। जिसे सार्थक रूप देने के लिए बुधवार को जिला स्वास्थ्य समिति कार्यालय परिसर से जिले के सभी प्रखंडों से सारथी रथ (ई - रिक्शा) निकाला गया। जिसे सिविल सर्जन डाॅ देवेन्द्र कुमार चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर सभी प्रखंडों के लिए रवाना किया। इस मौके पर डीआईओ सह एसीएमओ डाॅ अशोक कुमार भारती, डीपीएम (हेल्थ) मो. खालिद, केयर इंडिया के डीटीएल नावेद उर रहमान, लखीसराय सदर पीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डाॅ रौशेक कुमार, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक निशांत राज, बीसीएम नुसरत प्रवीण समेत जिले सभी प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक मौजूद थे।
- सारथी रथ के माध्यम से सामुदायिक स्तर पर पहुँचाई जाएगी परिवार नियोजन की जानकारी :
इस मौके पर सिविल सर्जन डाॅ देवेन्द्र कुमार चौधरी ने कहा, सारथी रथ के माध्यम से सामुदायिक स्तर पर प्रत्येक व्यक्ति तक परिवार नियोजन की जानकारी पहुँचाई जाएगी। रथ द्वारा गाँव से लेकर टोले-मोहल्ले तक जाकर माइकिंग के माध्यम से परिवार नियोजन को अपनाने से होने वाले फायदे की समेत सरकारी स्तर पर उपलब्ध सुविधाओं की लोगों को जानकारी दी जाएगी। जिससे प्रचार- प्रसार तेज हो सके और समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक परिवार नियोजन की जानकारी पहुँच सके । यह जागरूकता अभियान 10 जुलाई तक चलेगा।
- 11 से 31 जुलाई तक जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में आयोजित होगा परिवार नियोजन शिविर :
डीआईओ सह एसीएमओ डाॅ अशोक कुमार भारती ने बताया, उक्त पखवाड़ा के दौरान 11 से 31 जुलाई तक जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में परिवार नियोजन शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिसमें योग्य और सक्षम इच्छुक लाभार्थियों को महिला बंध्याकरण और पुरुष नसबंदी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। निर्धारित तिथि के अंदर इच्छुक और योग्य लाभार्थी अपने नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान में सुविधा का लाभ ले सकते हैं।
- सारथी रथ पर अस्थाई साधन की सुविधाएं रहेंगी उपलब्ध :
जिले के सभी प्रखंडों में संचालित सारथी रथ पर परिवार नियोजन के अस्थाई साधन की समुचित सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी । इसलिए, जो लाभार्थी अस्थाई साधन को अपनाना चाहते हैं, वह अपने स्थानीय आशा कार्यकर्ता के सहयोग से सारथी रथ के माध्यम से सुविधा का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। अस्थाई साधन के रूप में काॅपर-टी, छाया, अंतरा, कंडोम समेत अन्य सुविधाओं की व्यवस्था रथ पर सुनिश्चित की गई है।
- अस्थाई व स्थाई उपायों की दी जाएगी जानकारी :
सारथी रथ के माध्यम से सामुदायिक स्तर पर लोगों को परिवार नियोजन के दोनों साधन (स्थाई और अस्थाई) की जानकारी दी जाएगी। साथ ही परिवार नियोजन के लिए सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सुविधाएँ एवं सेवाओं की भी जानकारी दी जाएगी। ताकि लोग् स्वास्थ्य सुरक्षा के मद्देनजर किसी प्रकार की हिचकिचाहट नहीं करें और उत्साह के साथ इस अभियान को सफल बनाने के लिए आगे आ सकें।
रिपोर्टर
Dr. Rajesh Kumar
The Reporter specializes in covering a news beat, produces daily news for Aaple Rajya News
रिपोर्टर
The Reporter specializes in covering a news beat, produces daily news for Aaple Rajya News
Dr. Rajesh Kumar